लखनऊ: उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर अक्टूबर में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश बीजेपी ने राज्यसभा सीटों के लिए 25 संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट बनाकर दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय को भेज दी है जिसमें स्मृति ईरानी (Smriti Irani) का नाम प्रमुखता से शामिल है।
सूची में किन नेताओं के नाम शामिल
उम्मीदवारों की जो लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है उसमें कुमार विश्वास, स्मृति ईरानी से लेकर कई चौंकाने वाले नाम शामिल हैं। इस सूची में राजवीर सिंह राजू भैय्या, बीएल वर्मा, कुमार विश्वास, हरीश द्विवेदी, सुब्रत पाठक, त्र्यंबक त्रिपाठी, दुर्विजय शाक्य, सुरेश राणा, गीता शाक्य, रेखा वर्मा, प्रियंका रावत, कौशल किशोर, स्मृति ईरानी, कामेश्वर सिंह, दिलीप पटेल, अनिल अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, ममतेश शाक्य, रमापति राम त्रिपाठी, संजीव बालियान, सत्यपाल सिंह, हरदीप सिंह पुरी, बृजलाल, रामशंकर कठेरिया, प्रकाश पाल हैं।
राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत झोंक दी है। इस लिस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी को लेकर हो रही है। अभी हाल ही में स्मृति ईरानी को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी में अहम जिम्मेदारी (राष्ट्रीय महासचिव) दी है। इन सीटों पर 29 सितंबर से नामांकन की प्रकिया शुरू होगी।
कुमार विश्वास, स्मृति ईरानी के नाम की ज्यादा चर्चा
वहीं इसको लेकर पार्टी सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इन उम्मीदवारों की स्क्रूटनी के बाद ही उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट सामने आएगी। हालांकि माना जा रहा है कि स्मृति ईरानी का राज्यसभा जाना तय है। सोशल मीडिया पर चल रही सूची में जिस नाम की चर्चा सबसे ज्यादा चर्चा है उसमें कुमार विश्वास प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कुमार विश्वास जाएंगे राज्यसभा
कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद सक्रिय राजनीति से किनारा कर लिया था लेकिन वो देश के अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय जरूर रखते हैं। कई बार उन्हें पीएम मोदी और एनडीए सरकार की कार्यशैली की तारीफ सार्वजनिक स्तर पर करते हुए देखा गया है। हालांकि अब सबकी नजरें दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर टिकी हुई हैं कि किन चेहरों पर आलाकमान की अंतिम मुहर लगेगी।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























