महराजगंज: यूपी के महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक शख्स की दर्दनाक मौत हो गई. मामला चौक थाना क्षेत्र के टीकर गांव का है जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई.
घर लौटने के दौरान गिरी बिजली
रिपोर्ट के मुताबिक तेज गर्जना और बारिश के दौरान साइकिल से घर लौट रहे व्यक्ति पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति का मोबाइल फोन भी जलकर खाक हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर चौक थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
औरैया में आकाशीय बिजली से छात्र की हुई थी मौत
अभी तीन दिनों पहले ही औरैया के पछायगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में भारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 12वीं के एक छात्र की मौत हो गई थी. मृतक का नाम दिव्यांश रावत था.
रिपोर्ट के मुताबिक वो घर में पालने वाले जानवर के लिए चारा लाने बाहर गया था. इसी दौरान आकाशीय बिजली उसके ऊपर गिर गई. इससे वो बुरी तरह झुलस गया और बाद में उसकी मौत हो गई.
रिपोर्ट: अनुज शुक्ला


