महराजगंज: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए जाने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में महराजगंज (Maharajganj) में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आज विरोध प्रदर्शन करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत का पुतला फूंका।
विदेशी फंडिंग का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित नारों के पीछे की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। साथ ही संगठन को मिलने वाली फंडिंग की भी जांच कराने की मांग उठाई है। बता दें कि नौतनवा कस्बे के गांधी चौक पर कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके का पुतला फूंकने वाले हिंदू रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी ने बताया कि कुछ महीनों से देखने को मिल रहा है कि जंतर मंतर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के द्वारा प्रोटेस्ट चल रहा है।
दीपके का पुतला दहन
सोनी ने कहा, इम प्रोटेस्ट में देशद्रोही नारे लगाए जा रहे हैं और सनातन धर्म के देवी-देवताओं और महापुरुषों को टारगेट करके बयानबाज़ी की जा रही है जिससे कहीं ना कहीं हमारी धार्मिक भावना आहत हो रही है। इसी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के लीडर दीपके का पुतला दहन किया गया है साथ ही जितने भी बड़े पदाधिकारी हैं उनकी जांच हो कि इनको फंडिंग कहां से आ रही है।
उन्होंने मांग रखी कि इनके ऊपर जल्द से जल्द सरकार को प्रतिबंध लगाना चाहिए क्योंकि ये युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये कतई हम सब बर्दाश्त नहीं करेंगे। और जब तक हिन्दू रक्षा दल का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे भारतवर्ष में है देशद्रोही हमारे देश को तोड़ने का काम हम कतई बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।
रिपोर्ट: अनुज शुक्ला
























