महाराजगंज: यूपी के महाराजगंज (Maharajganj) में भारत-नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ठूठीबारी पुलिस और एटीएस (सिद्धार्थनगर-गोरखपुर) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
120 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए तस्कर महिला को भी अपने साथ रखते थे। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर महराजगंज पुलिस और एटीएस सिद्धार्थनगर-गोरखपुर की संयुक्त टीम ने तस्करी के इस नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए स्कॉर्पियो गाड़ी से 120 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने मौके से नैनो निशा और राजेंद्र गौर नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो कुशीनगर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक तस्करी का तरीका भी बेहद शातिराना था। चेकिंग के दौरान शक से बचने के लिए तस्कर महिला को गाड़ी में साथ रखते थे।
बिहार में सप्लाई का था प्लान
इतना ही नहीं स्कॉर्पियो पर अलग-अलग स्टीकर, बैनर और झंडे लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश करते थे। जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप नेपाल से लाई गई थी, जिसे कुशीनगर के रास्ते बिहार में सप्लाई करने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र गौर के खिलाफ वर्ष 2020 और 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तस्करी से जुड़े सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट: ओंकार शुक्ला

























