Maharajganj: जिले के सोनौली कोतवाली के सामने स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में दीपावली की देर शाम अचानक आग लगने से एक मालवाहक वाहन का केबिन जलकर राख हो गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस सक्रिय हो गई और महराजगंज के नौतनवा में मौजूद दमकल टीम के साथ नेपाल की दमकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही वाहन का केबिन पूरी तरह जल चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी चालक शंकर यादव ने दीपावली के अवसर पर ट्रक में दीपक जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि दीपक से निकली आग की चिंगारी के कारण वाहन में आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल भारतीय और नेपाली दमकल टीमों को सूचना देकर बुलाया। दोनों देशों की दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग की चपेट में आसपास खड़े अन्य वाहन नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया। घटना में मालवाहक वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। Maharajganj

बताया जा रहा है कि ट्रक मालिक ने ट्रक पार्किंग में खड़ा किया हुआ था। दीपावली के अवसर पर ट्रक मालिक ने ट्रक के अंदर दीपक जलाया था। पूजा करने के बाद दीपक ट्रक के केबिन में जलता छोड़कर ट्रक चालक चला गया। कुछ देर बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। माना जा रहा है कि ट्रक में रखे दीपक से आग लगी होगी। इस दौरान आग पर काबू पा लिया गया लेकिन ट्रक का केबिन आग में पूरी तरह से जल चुका था। Maharajganj
यह भी पढ़ें- Govardhan Puja 2026: गाय और बैलों का शृंगार क्यों किया जाता है? जानें पौराणिक मान्यता और धार्मिक महत्व

























