महराजगंज: यूपी के महराजगंज (Maharajganj) में कच्चा मकान गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में रविवार सुबह भारी बारिश के बाद एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। उसके मलबे में दबकर 59 साल की कुसुमी देवी की मौत हो गई।
पति की बाल-बाल बची जान
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय उनके पति भी पास में सो रहे थे, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। मृतका के दो बेटे हैं, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा अपने ससुराल में रहता है। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है।
परिवार के अनुसार, मृतका के पति का करीब चार महीने पहले एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनका पैर टूट गया था। हादसे की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फतेहपु में मासूम की मौत
बता दें कि अभी एक दिन पहले ही फतेहपुर में कच्चा मकान ढहने से उसके मलबे में दबकर 8 साल के मासूम की भी मौत हो गई थी. जानकारी के मुताबिक दो दिन से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते कच्चा मकान कमजोर हो गया था।
बच्चे की मां मवेशियों को चारा डालने के लिए बाहर गई थी, तभी भरभराकर घर गिर गया। मलबे में दबे दोनों सगे भाइयों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने 8 साल के आनंद को मृत घोषित किया। घायल बड़े भाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दिया था लेकिन उन्हें अभी तक नहीं मिल पाया था। एसडीएम अश्वनी पांडेय ने राजस्व टीम को मौके पर भेजा।




















