महोबा में सपा का हुंकार: नीट पेपर लीक और सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन, PM मोदी और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
महोबा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव की अगुवाई में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क में एकजुट होकर नीट पेपर लीक मामले और सोनम वांगचुक के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
महोबा के अंबेडकर पार्क में उतरी समाजवादी पार्टी ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का बड़ा आरोप लगाया है। सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने सरकार को छात्र-विरोधी बताते हुए कहा कि देशभर में परीक्षाओं के नाम पर छात्रों के लाखों रुपये बर्बाद किए जा रहे हैं और पेपर लीक का सिलसिला थम नहीं रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस बर्बरता पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। सपा नेता अर्पित यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिस तरह से लोकतांत्रिक देश में छात्रों की आवाज दबाई जा रही है, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री रहते हुए धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा और छात्रों का दर्द समझने में पूरी तरह विफल रहे हैं। शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ हुई बदसलूकी और लाठीचार्ज की घटना को लेकर सपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की है।
सपा के वरिष्ठ नेता कुंभकरण यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार के इशारे पर हो रही यह कार्रवाई लोकतंत्र का हनन है। आज पूरा देश इस बर्बरता से दुखी है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने स्पष्ट किया कि सांसद डिंपल यादव समेत पूरी पार्टी छात्रों, किसानों और युवाओं के हक के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने ऐलान किया कि सपा इस मुद्दे को जनांदोलन बनाकर गांव-गांव तक लेकर जाएगी।
मामले पर महोबा के प्रशासनिक अधिकारी दिवाकर मिश्रा ने बताया कि समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों द्वारा दिल्ली की घटनाओं और अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे उचित माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति तक भेजा जा रहा है।


