महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में कानपुर रोड खनिज बैरियर के पास दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते एक ट्रक चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। बाइक से जा रहे चालक को टक्कर मारकर दबंगों ने खेत में ले जाकर पेड़ से बांधा और लाठी-डंडों से जमकर पीटा।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
महोबा जनपद के कबरई इलाके में एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है। फतेहपुर जिले का रहने वाला सौरभ, जो कबरई में ट्रक चलाकर अपना गुजारा करता है, गुरुवार देर शाम काम खत्म कर अपने साथी राघवेंद्र के साथ बाइक से हमीरपुर स्थित किराए के मकान जा रहा था। तभी कानपुर रोड स्थित खनिज बैरियर के पास घात लगाए बैठे धर्मेंद्र और उसके तीन अन्य साथियों ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही साथी राघवेंद्र जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद चारों दबंगों ने सौरभ को घेर लिया और घसीटते हुए पास के एक खेत में ले गए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने गले में साफी का फंदा डालकर उसे पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से तब तक पीटते रहे जब तक वह बेदम नहीं हो गया। घटना के दौरान सौरभ का साथी राघवेंद्र छिपकर वीडियो बनाता रहा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सामने आए वीडियो में दो दबंग घायल सौरभ को हाथों में डंडे लिए ले जाते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल सौरभ को पुलिस तुरंत कबरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पीड़ित के बयानों और वीडियो साक्ष्य के आधार पर कबरई थाना पुलिस ने मामले में फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- रमाकंत मिश्रा/सोनू सिंह


