मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी (Mainpuri) में गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरावली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी बदमाश अभिषेक सिंह की 15 करोड़ से अधिक कीमत की संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस के मुताबिक कुर्क की गई संपत्ति की बाजार कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
मामला थाना कुरावली क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक सिंह की सभी संपत्तियों पर ये कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई है।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में आरोपी की संपत्ति को कुर्क किया गया है। कुर्क की गई संपत्ति में गाटा संख्या 218 में करीब 1.084 हेक्टेयर भूमि शामिल है। सरकारी सर्किल रेट के अनुसार संपत्ति की कीमत करीब 8 करोड़ 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि अलग-अलग स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर इसकी बाजार कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
15 करोड़ की संपत्ति कुर्क
वहीं पूरे मामले को लेकर एसपी अभिषेक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है। फिलहाल कुरावली पुलिस की इस कार्रवाई से गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट: शशिकांत मिश्रा






















