मथुरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से 5 महीने के मासूम के अपहरण का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बच्चे को 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद किया है। इस प्रकरण में मथुरा पुलिस ने प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजीव (27) और उसकी लिव-इन पार्टनर (27) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला की शादी 2018 में हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह संजीव के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। संतान की चाह में भटक रहे इस जोड़े को मथुरा रेलवे स्टेशन पर एक साधु मिला। साधु ने महिला के हाथ की रेखाएं देखकर अंधविश्वास फैलाया कि यदि वह किसी बच्चे को दुलार कर अपने साथ ले जाएगी तो उसकी कुंडली में संतान योग बन जाएगा।
साधु के झांसे में आकर दोनों ने 8 सितंबर 2026 को मथुरा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के बाहर सो रहे एक परिवार के 5 माह के बच्चे को चुरा लिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से 11 सितंबर की सुबह दोनों आरोपियों को धर दबोचा गया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, साथ ही अंधविश्वास फैलाने वाले साधु की तलाश भी की जा रही है।


