मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना जैत क्षेत्र के अंतर्गत छटीकरा से आगे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दिल्ली से आगरा की तरफ जा रहा खजूर से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रोला से टकरा गया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।

इस दुर्घटना में ट्रक परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल हुए परिचालक के परिवारजनों को सूचना दी है। वही इस घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे पर यातायात सुचारू कराने के लिए एक क्रेन को मौके पर बुलाया।

जब क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को खींचकर थाने ले जाया जा रहा था, तभी अचानक क्रेन का मजबूत हुक बीच रास्ते में ही टूट गया। हुक टूटते ही खजूर से लदा ट्रक असंतुलित होकर हाईवे पर ही पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें भरे हुए कीमती खजूर हाईवे पर चारों तरफ बिखर गए।

हाईवे पर खजूर बिखरते ही वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में खजूर लूटने की होड़ मच गई। दुर्घटना की गंभीरता को भूलकर लोग थैले लेकर सड़क पर दौड़ पड़े। जिसे जितना मौका मिला, वह उतने खजूर बटोर कर भागने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक न चली। बीच सड़क पर ट्रक पलटने और खजूर लूटने वालों की भीड़ के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए।

देखते ही देखते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में जैत थाना पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर भीड़ को खदेड़ा और दूसरी क्रेन की मदद से ट्रक को रास्ते से हटवाया। कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को पूरी तरह सुचारू किया जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- दीपक/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version