मथुरा: भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Shastri) द्वारा दिए गए बयान पर ब्रज तीर्थ देवालय न्यास और धर्म रक्षा संघ ने 5 पेज का कानूनी और शास्त्रीय प्रमाण सहित प्रेस नोट जारी किया है। उनके बयान को लेकर साधु-संतों और भागवत प्रवक्ताओं ने वृंदावन में एक अहम बैठक भी की।
इस बैठक में न्यास की ओर से कहा गया है कि भगवान श्रीकृष्ण को ‘बांके बिहारी’ कहना उनका त्रिभंग-ललित, वक्र और अत्यंत मनोहर स्वरूप का पारंपरिक भक्तिपूर्ण वर्णन है। ‘बांका’ शब्द अपमानजनक नहीं है। न्यास ने ब्रह्म-संहिता के श्लोक ‘त्रिभंग-ललितम्’, मानसार शिल्पशास्त्र में त्रिभंग मुद्रा, मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कला-इतिहास प्रमाण, हिंदी शब्दसागर में बांका का अर्थ टेढ़ा-सुंदर, और रसिक परंपरा के आचार्य विट्ठल विपुल देव और बिहारिन देव जी की वाणी में ‘बांकी चितवन’ और ‘बांके विरदनि विदित बिहारी’ का प्रमाण दिया गया है।
इससे पहले संतों ने उनके बयान पर अपनी बात रखते हुए भगवान श्रीकृष्ण की महिमा, वृंदावन की आध्यात्मिक गरिमा और ब्रज की धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए उन्हें मर्यादा का ध्यान रखने की सलाह दी थी।
‘मर्यादा का रखें ध्यान’
इस मामले में नागेन्द्र जी महाराज, (प्रभारी, काशी विद्वता परिषद, पश्चिमी भारत) ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। वहीं महामंडलेश्वर कुंज बिहारी दास महाराज और स्वामी सत्य मित्रानन्द महाराज ने भी उनके बयान पर अपने विचार रखे थे। संतों का कहना था कि वृंदावन केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण और वृंदावन से जुड़े किसी भी बयान को देते समय धार्मिक भावनाओं और ब्रज की महिमा का ध्यान रखना आवश्यक है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर संतों की इन प्रतिक्रियाओं के बाद धार्मिक जगत में यह विषय चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
रिपोर्ट: दीपक

























