मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा (Mathura) में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आश्रम परिसर में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के राधा केली कुंज आश्रम के गुरु कृपा कुंज से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि रसिक दुलारी शरण चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। शुरुआती तौर पर इसे खुदकुशी का मामला बताया ज रहा है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल में दुलारी शरण की मौत
घटना के बाद घायल अवस्था में रसिक दुलारी शरण को मथुरा के सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट होने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब घटनास्थल की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रसिक दुलारी शरण की मौत आत्महत्या थी या फिर उन्हें किसी साजिश के तहत चौथी मंजिल से गिराया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: दीपक


