मथुरा: यूपी के मथुरा (Mathura) में अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एक मरीज की मौत हो गई जिसके बाद अस्पताल और डॉक्टरों पर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल जैंत थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार देर रात एक वारदात हुई। राधा फ्लोरेंस रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने एक 18 साल के ई-रिक्शा चालक पर चाकू से हमला कर दिया।
घर पहुंचते ही मरीज की हुई मौत
घायल युवक को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात हमलावरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जैंत थाना क्षेत्र के तेहरा गांव के रहने वाले 18 साल के रामू ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार देर रात वह राधा फ्लोरेंस रोड से गुजर रहा था, तभी चार अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
चाकू मारकर फरार हो गए थे बदमाश
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में रामू को तुरंत वृंदावन के अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह अचानक रामू की तबीयत फिर से बेहद खराब हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अटल्ला चुंगी स्थित बृज हेल्थ केयर हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।


