हस्तिनापुर थाना परिसर के सामने उस समय हड़कंप मच गया जब एक दरोगा की कार में कोबरा सांप घुस गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मियों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। कार में सांप देखे जाने के बाद थाने में हड़कंप मच गया, सांप को देखने के लिए वहां भीड़ एकत्रित हो गई। लोग सांप की वीडियो बनाने लगे।
हस्तिनापुर थाने में तैनात दरोगा अर्जुन पंवार थाने में अपना कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बाहर मौजूद लोगों ने उनकी कार के बोनट में सांप घुसने की सूचना दी, यह खबर फैलते ही मौके पर पुलिसकर्मियों और आम लोगों का जमावड़ा लग गया। पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर सांप को बाहर निकालने के कई प्रयास किए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी नितिन त्यागी अपनी टीम और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सांप कार के बोनट के अंदर इंजन के आसपास लगातार अपनी जगह बदलता रहा। कभी वह इंजन के नीचे छिप जाता तो कभी टायर के पास बने हिस्से में, जिससे उसे पकड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था।
लगभग ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद, वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। सांप के पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रेस्क्यू अभियान को देखने पहुंचे।
इस घटना को देखने पहुंचे लोगों ने घटना स्थल की कुछ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। कार में घुसे सांप को पकड़ने आई वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आखिरकार सांप को पकड़ लिया। वन विभाग के कर्मचारियों ने कोबरा सांप को पकड़कर दूर जंगल में छोड़ दिया।
रिपोर्ट- अनमोल/सोनू सिंह


