मेरठ: यूपी के मेरठ (Meerut) में दुष्कर्म की कोशिश और एससी-एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी सलमान ने बीच बाजार युवती को उठाने की कोशिश की थी जिसका सीसीटीवी वायरल हुआ था। इसके बाद लोगों ने इस पर तुरंत कार्रवाई की मांग की थी।
Meerut में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के दौरान आरोपी पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
Meerut के निर्माणाधीन अंडरपास में छुपा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मेरठ (Meerut) के सदर बाजार थाने में बीएनएस की धाराओं और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में शाहपुर-जैननगर निवासी सलमान (उम्र-29) वांछित चल रहा था।
बुधवार को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
#WATCH मेरठ, उत्तर प्रदेश: SP बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा, “सदर बाजार पुलिस स्टेशन में एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सलमान नाम के एक व्यक्ति ने एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया है। संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज, 25 नवंबर 2026 को, हमें पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी लोहिया नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के नहर नरहेरा गांव के पास, निर्माणाधीन अंडरपास के निकट छिपा हुआ है। लोहिया नगर और सदर बाजार पुलिस स्टेशनों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा हुआ पाकर, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जब पुलिस ने अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी पास के एक पुल पर चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वह फिसलकर पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसके दाएं और बाएं दोनों हाथों में चोटें आईं। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
(सोर्स: पुलिस)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 25, 2026
आरोपी से अवैध तमंचा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल आरोपी को पीएल शर्मा जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें: Meerut STF Arrest: संदिग्ध उजैद गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े होने का शक
Meerut में आरोपी पर दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सलमान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ Meerut के सदर बाजार थाने में वर्तमान मुकदमे के अलावा रोहटा थाने में साल 2019 में हत्या के प्रयास और साल 2025 में बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में वर्ष 2026 में धोखाधड़ी और कूटरचना समेत विभिन्न धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है।
रिपोर्ट: अनमोल

























