मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में आबूलेन स्थित एक होटल में हंगामा हो गया। आबूलेन के एक होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती “बचाओ-बचाओ” चिल्लाते हुए होटल से बाहर की ओर भागी।
Meerut Hotel Incident: आसपास मौजूद लोगों को पहले कुछ समझ नहीं आया, लेकिन युवती की घबराहट और चीख-पुकार ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बताया जा रहा है कि युवती के पीछे-पीछे एक युवक भी बाहर आया और उसे पकड़कर दोबारा होटल के भीतर खींचने लगा। युवती खुद को छुड़ाने के लिए लगातार मदद मांगती रही। यह दृश्य देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों के कदम ठिठक गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लोगों को रोकने का आरोप
भीड़ में शामिल लोगों ने युवती को बचाने के लिए होटल के अंदर जाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान होटल के कर्मचारियों ने उन्हें अंदर घुसने से रोक दिया। यह बात सुनकर लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कर्मचारियों ने सहयोग किया होता, तो मामला इतना उलझता नहीं और स्थिति जल्दी संभाल ली जाती। भीड़ को बढ़ता देख आरोपी युवक घबरा गया और होटल की छत पर पहुंच गया। वहां से उसने छलांग लगाई और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो ने लोगों के बीच इस मामले को लेकर गहरी चर्चा छेड़ दी है। Meerut Hotel Incident
थाने पहुंची युवती, दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना 112 पर पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंचे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने भी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी। घटना के बाद पीड़ित युवती थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की हर कड़ी स्पष्ट हो सके। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। Meerut Hotel Incident
होटल कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल
इस मामले में पुलिस होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। आरोप है कि कर्मचारियों ने न तो पुलिस को घटना की सूचना दी और न ही मामले को सामने आने दिया, बल्कि उसे दबाने की कोशिश की। इसी कारण उनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। Meerut Hotel Incident
यह भी पढ़ें- RLD Muslim Candidates: क्या जयंत चौधरी उतारेंगे मुस्लिम उम्मीदवार?



























