मेरठ के मोदीपुरम स्थित फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। सिसौला खुर्द निवासी हारून की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल के बाउंसरों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि बाउंसरों ने मृतक के बेटे सुहेल और भाई सलमान व फिरोज के साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में करीब तीन घंटे तक हंगामा करते रहे। परिजन बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
हंगामे की सूचना पर पल्लवपुरम थाना प्रभारी भारत सारस्वत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद दौराला सीओ शिव ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों से तहरीर ली और बाउंसरों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और मृतक के शव को अपने साथ लेकर सिसौला खुर्द गांव चले गए।
बताया जा रहा है कि हारून को फेफड़ों में परेशानी और बुखार के चलते 29 अगस्त की देर रात सिरोही हॉस्पिटल से फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल लाया गया था। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
वहीं, हॉस्पिटल के मालिक डॉ. जेवी चिकारा का कहना है कि उनके स्टाफकर्मी शिवम और उसके एक साथी के साथ हारून के बेटे सुहेल व भाई ने मारपीट की। उनका कहना है कि हारून की हालत पहले से गंभीर थी और बीमारी के चलते उसकी मौत हुई।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट के आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट- अनीस खान/सोनू सिंह (मेरठ)


