भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद पंकज चौधरी गुरुवार को मिर्जापुर पहुंचे। मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन किया। जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए अयोध्या मंदिर में चोरी पर विपक्ष के आरोपों पर कहा कि जो लोग राम भक्तों पर गोली चलवाने का काम किया, जो भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाले हैं वह आज राम की बात कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे सभी लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं तथा जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “इस मामले में जो भी दोषी होगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
![]()
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं द्वारा मामले में दिए जा रहे बयानों पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी पहले भी चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसे संवैधानिक संस्थानों पर सवाल उठाते रहे हैं। उनके बयान उनकी राजनीतिक सोच का हिस्सा हैं।
इस सवाल पर कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा ने लिया, लेकिन अब मंदिर में हुई कथित चोरी की जिम्मेदारी कौन लेगा, पंकज चौधरी ने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद उसके संचालन और व्यवस्थाओं के लिए ट्रस्ट गठित किया गया है, जो सभी कार्यों की देखरेख करता है। उन्होंने दोहराया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा संगठन और सरकार के बीच कथित अंतर्कलह के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बड़े संगठन में छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं, लेकिन इसे किसी बड़े मतभेद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह संगठित है और सरकार तथा संगठन मिलकर जनता की सेवा कर रहे हैं।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इस घटना के संभावित प्रभाव पर उन्होंने कहा कि पार्टी इस घटना से व्यथित है और विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के आधार पर भाजपा तीसरी बार भी उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

रिर्पोटर | रामलाल साहनी (मिर्जापुर ) काजल कुमारी

