मिर्जापुर: यूपी के मिर्जापुर (Mirzapur) में 70 साल के एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। खैरा गांव में गुरुवार की मध्य रात्रि एक युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर महिला की हत्या कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के दो अन्य लोग भी मारपीट में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद कर लिया।
पति को बचाने में बुजुर्ग महिला की गई जान
रिपोर्ट के मुताबिक गांव के रहने वाले अंकित दूबे गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर डेरे पर पहुंचा, जहां उसने वृद्ध राजनारायण पाल के साथ लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर राजनारायण घर की ओर भागे।
चीख-पुकार सुनकर उनकी 70 साल की पत्नी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि युवक ने उनके साथ भी लाठी से मारपीट कर दी। बीच-बचाव में पहुंचे रमाकांत पाल और तेरस भी घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल निअदरा देवी को परिजन तत्काल पीएचसी ले गए, जहां प्रभारी डॉक्टर पुनीत अग्रवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका सात बेटों और दो बेटियों की मां थीं।
हमलावर से नहीं थी कोई पुरानी रंजिश
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के बेटे रमाकांत पाल के अनुसार, आरोपी युवक से परिवार की कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। अचानक हमला क्यों किया गया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी द्वारा वृद्ध महिला के साथ मारपीट की गई थी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट हुई। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

