जमालपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के दौरान बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर शव देने की मांग की। जानकारी मिलने पर एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।
मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र के टेकउर निवासी मनीष गुप्ता (38) अपने छह वर्षीय पुत्र आयुष को दवा दिलाने के लिए बाइक से बिक्सी चट्टी आए थे। दवा लेने के बाद मनीष गुप्ता केशवपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। शाम करीब छह बजे जब वे बियरही गांव के पास पहुंचे, तभी आगे चल रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाईं ओर से ओवरटेक करने का प्रयास किया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन को बाईं ओर मोड़ दिया। जिससे ट्रॉली बाइक पर चढ़ गई। ट्राली की चपेट में आने से मनीष और उनके पुत्र आयुष की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने का विरोध किया और उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
इस हृदयविदारक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी सोनी गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार मनीष मुंबई में ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और गुरुवार को वापस मुंबई जाने वाला था।ॉ
मनीष अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए। हादसे में छह वर्षीय पुत्र आयुष की भी जान चली गई। जबकि परिवार में अब नौ वर्षीय एक पुत्र और छह वर्षीय पुत्री बची है। घटना के बाद पूरे गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- रामलाल सहानी/सोनू सिंह


