Mirzapur News: कलेक्ट्रेट परिसर पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पर स्टार लगाकर एक व्यक्ति घूम रहा था। उसके हावभाव देखकर लोगों को शक हो गया। जिसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी।
गुरुवार सुबह मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में एक व्यक्ति पुलिस पहनकर घूम रहा था। उसकी वर्दी पर एक स्टार भी लगा हुआ था, जिससे वह खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी दर्शाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि उसकी बातचीत और व्यवहार से लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह अपनी पहचान और तैनाती को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
मामले की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवलाल तथा निवासी प्रयागराज बताया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह महिला थाना में ड्यूटी करने के लिए आया है, लेकिन वह अपनी नियुक्ति, पदस्थापना और विभागीय पहचान से संबंधित कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी वास्तव में पुलिस विभाग से जुड़ा है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पुलिस की वर्दी किस उद्देश्य से पहन रखी थी और कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी मौजूदगी का क्या मकसद था।
सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में व्यक्ति के फर्जी पुलिसकर्मी होने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सरकारी वर्दी का दुरुपयोग, प्रतिरूपण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके दावों का सत्यापन किया जा रहा है। मामले को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट- रामलाल साहनी (मिर्जापुर)

