मुरादाबाद। पहाड़ों व मैदानी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर अचानक भयावह रूप से बढ़ गया है और नदी खतरे के निशान के आसपास बह रही है। नदी के इस रौद्र रूप और तेज बहाव के बीच सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो ने मुगलपुरा पुलिस और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।
वायरल वीडियो जामा मस्जिद पुल का है, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई है, इसी बीच कुछ सिरफिरे युवा सुरक्षा की परवाह किए बिना पुल की ऊंची ग्रिल पर खड़े होते हैं और सीधे नीचे उफनती हुई रामगंगा नदी के तेज बहाव में छलांग लगा रहे हैं। गहरे, मटमैले और उफान मारते पानी में इतनी ऊंचाई से कूदना बेहद खतरनाक है, रामगंगा के पानी के नीचे छिपे मलबे, तेज धारा या गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण यह स्टंट किसी भी पल जानलेवा हादसे में बदल सकता है।
यह भी पढ़ें- आगरा कैंट स्टेशन पर हादसा टला, GRP जवानों ने यात्री की बचाई जान
लोगो ने इस लापरवाही पर गहरी चिंता जताई है, लोगों ने युवाओं से अपील की है कि वे रील्स बनाने, व्यूज पाने या झूठे रोमांच के चक्कर में अपनी जिंदगी को जोखिम में डाल रहे है, अभिभावकों से भी बच्चों पर नजर रखने का आग्रह किया गया है, वहीं, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर और नदी के आसपास तुरंत पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए है।


