मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद (Moradabad) में मामूली बात पर कुछ दबंगों ने घर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। दरअसल गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंग युवक पर टूट पड़े और उसे घेरकर बेरहमी से पीट दिया। ये पूरी वारदात वहां पास में लगे CCTV में कैद हो गई।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना मुरादाबाद के मुंढापांडे क्षेत्र की है। सीकमपुर पांडे गांव में किसी विवाद को लेकर घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे. वहीं जब युवक ने बाहर निकलकर इसका विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका तो दबंग भड़क उठे और युवक को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि 4 से 5 लोगों ने उससे मारपीट की जिसके बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर युवक की जान बचाई।
जीएसटी अधिकारियों को बनाया बंधक
वहीं दूसरी तरफ मुरादाबाद में GST कर्मचारियों को बंधन बनाने का मामला भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक व्यापारियों ने कथित तौर पर जीएसटी कर्मचारियों के रंगदारी मांगने पर उन्हें बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों कर्मियों को छुड़ाया। घटना मझौला थाना क्षेत्र के मंसूरी कॉलोनी का है।
महिला और युवक के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा
वहीं मुरादाबाद से एक और खबर सामने आई है। बुर्का पहनी एक महिला और युवक के बीच विवाद के बाद सड़क पर खूब हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। बताया जा रहा है कि एक अधेड़ व्यक्ति और युवक ने बुर्का पहने महिला को ई-रिक्शा में बैठाया, उसी दौरान महिला और युवक के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान महिला ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया जिसके बाद युवक ने बवाल शुरू कर दिया। सड़क पर हुए इस हंगामे के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
रिपोर्ट: शारिक सिद्धिकी

























