मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद (Moradabad) में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने गठबंधन, विपक्षी हमलों और अपनी भावी नीतियों पर अपना रुख साफ किया है। राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन जल्द फाइनल होगा, जिसकी शीर्ष वार्ता अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस को अपनी जमीन देखकर सीटें मांगने की सलाह दी और इमरान मसूद को गठबंधन के खिलाफ बयानबाजी न करने की ताकीद की। अखिलेश यादव की व्यस्तताओं को गठबंधन में अनबन मानने से इनकार करते हुए ऐसी किसी भी खबर को खारिज कर दिया।
राजभर को बताया जोकर
रामजीलाल सुमन ने सुहलदेव पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘जोकर’ करार दे दिया। इसके अलावा सुमन ने पार्टी में शिवपाल या धर्मेंद्र यादव की एंट्री बैन की खबरों को खारिज किया।
वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने बजरंगबली पर भाजपा के दावों को खारिज करते हुए कहा कि महापुरुष किसी की बपौती नहीं होते, हनुमान जी ने अखिलेश यादव को आशीर्वाद दिया है, जिससे भाजपा में बौखलाहट है।
शिवपाल यादव पर भी बड़ा बयान
बाबर से जुड़े विवादों को खत्म करने की सलाह देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी धर्म या जाति विशेष की राजनीति नहीं करती है। इस बीच रामजी लाल सुमन ने जोर देकर कहा कि असली राजनीति भूख, प्यास, बेबसी, लाचारी, गरीबी और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत जनमुद्दों पर होनी चाहिए। सपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और जनसमस्याओं पर आधारित राजनीति करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: शारिक सिद्दीकी























