उत्तर प्रदेश के पीलीभीत Pilibhit में रामलीला मेले की रौनक उस समय मातम में बदल गई, जब हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी वारदात बन गया। रात के समय हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने रायफल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कहीं मंचन चल रहा था, कहीं दुकानों पर भीड़ थी और बच्चे झूलों का आनंद ले रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज गूंजी तो चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर पहले तक जहां भजन और रामलीला के संवाद सुनाई दे रहे थे, वहां चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार आपसी लेन-देन और हिसाब-किताब के दौरान विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, फिर बात बढ़ती गई कि गुस्से में आए एक पक्ष ने राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगते ही तीन लोग वहीं गिर पड़े और उनकी जान चली गई। दो अन्य लोगों को गोलियां लगीं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की खबर फैलते ही मेला परिसर में दहशत का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें समेट लीं और वहां से निकल गए। वारदात में मारे गए लोगों के घरों में कोहराम मच गया।
ऐसे आयोजन लोगों की आस्था और आपसी मेलजोल के प्रतीक माने जाते हैं। हर साल इन मेलों में आसपास के गांवों से हजारों लोग उमंग के साथ पहुंचते हैं। ऐसे में एक छोटे से हिसाब-किताब के झगड़े का इतना भयावह रूप ले लेना हर किसी को झकझोर रहा है। सवाल यह भी उठ रहा है कि भीड़भाड़ वाली जगह पर राइफल जैसा हथियार लेकर कोई कैसे पहुंच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम होने चाहिए। भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति हथियार के साथ भीतर न पहुंच सके। लोगों ने यह मांग भी की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि दोबारा ऐसी घटना न दोहराई जाए।
यह भी पढ़ें- योगी का विपक्ष पर जोरदार हमला, बोले- “हारने पर EVM और चुनाव आयोग को ठहराते हैं जिम्मेदार”
रामलीली में पैसों का हिसाब-किताब को लेकर हुई हत्याओं के लिए दोषी लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। मृतकों के परिजन न्याय की आस लगाए बैठे हैं। अब सबकी नज़रें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि दोषियों पर क्या कदम उठाया जाता है। पीलीभीत पुलिस ने मृतकों के परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया है।
























