प्रयागराज में गंगा का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। संगम नगरी में गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब इसका असर शहर के निचले इलाकों में दिखने लगा है।
दारागंज में गंगा का पानी घरों में घुस गया है, तो वहीं दशाश्वमेध मंदिर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। सब्जी मंडी पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
तस्वीरें प्रयागराज के दारागंज की हैं, जहां गंगा अपने रौद्र रूप में हैं। घाटों को पार करता हुआ पानी अब रिहायशी इलाकों में घुस चुका है। गली-मोहल्लों में घुटने भर पानी भरा है। लोग अपने घरों का सामान ऊपरी मंजिल पर शिफ्ट करने को मजबूर हैं।
आस्था पर भी बाढ़ का असर दिख रहा है। दारागंज के प्रसिद्ध दशाश्वमेध मंदिर में गंगा का जल प्रवेश कर गया है। मंदिर परिसर में पानी भरने से पूजा-पाठ में बाधा आ रही है। भक्तों को मंदिर तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तो वहीं दारागंज की सबसे बड़ी सब्जी मंडी पूरी तरह जलमग्न हो गई है। दुकानों में पानी घुसने से सब्जियां खराब हो रही हैं। व्यापारियों को लाखों के नुकसान की आशंका है। मंडी में सन्नाटा पसरा है और आवक-जावक पूरी तरह बंद है। “दो दिन से पानी लगातार बढ़ रहा है, घर में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।”
फिलहाल जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। एनडीआरएफ की टीम को भी स्टैंडबाय पर रखा।


