रामपुर: यूपी के रामपुर (Rampur) में एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसमें पिता ने ही अपनी बेटी की दुनिया उजाड़ दी। इस घटना को लेकर मृतक महिला के पति की ओर से अपने सास-ससुर और दो सालों के खिलाफ फिर दर्ज कराई गई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने बेटी की हत्या के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल रामपुर के गांव अहमदनगर में हबीब अहमद की बेटी आसिया ने पढ़ लिखकर दिल्ली में किसी प्राइवेट संस्थान में जॉब कर ली थी, यहीं पर युवती ने अपनी मर्जी से हमजा नाम के शख्स से 5 मई 2025 में शादी कर ली।
मायके में पिता ने कर दी बेटी की हत्या
शुरुआती दिनों में परिवार वाले इस शादी के खिलाफ नज़र आए लेकिन जैसे-जैसे वक्त बितता गया वैसे-वैसे दूरियां मिटने लगी। अब इस प्रकरण में नया मोड़ तब आया जब आसिया बीते 18 अगस्त को दिल्ली से अपने मायके पहुंची और दो दिनों के बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
आरोप है कि मायके वालों ने उसके पति हमजा को बिना जानकारी दिए ही उसके शव को अपने पैतृक गांव अहमदनगर ले जा कर दफना दिया। वहीं जब पत्नी की कोई खबर पति हमज़ा तक नहीं पहुंची तो वो जानकारी जुटाने लगा। इसी बीच उसे पता चला कि आसिया की मौत हो चुकी है और हैरत की बात यह है कि उसके शव को भी दफना दिया गया।
यहीं से पति हमज़ा ने ऑनर किलिंग से जुड़ी शिकायत 6 सितंबर को रामपुर एसपी अनिल सिंह सिसोदिया के पास दर्ज कराई। इस मामले को एसपी ने गंभीरता से लिया और सिविल लाइंस पुलिस को घटना की सत्यता का पता लगाने की निर्देश दिए। इसके बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए उसे कब्र से निकाले जाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम
बताया जा रहा है कि डॉक्टर्स के पैनल के द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के सिर में चोट लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने इस पूरे मामले में पिता, माता और दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसिया के पिता हबीब अहमद को उसकी हत्या कर देने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक पिता द्वारा की गई बेटी की इस हत्या के पीछे लाखों रुपये की वो मांग बताई जा रही है जो उसने अपने पिता से की थी, आरोपी पिता हबीब अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट: इरफान हुसैन


