रामपुर: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर 48 घंटे का अलर्ट घोषित किया गया था जिसका असर रामपुर (Rampur) में भी देखने को मिला। बारिश के चलते जहां किसानों को फसलों को नुकसान हुआ है वहीं एक मकान और एक भूसे के गोदाम में हादसे से दो अलग-अलग मौतें भी हुई हैं। फिलहाल डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया तेज़ कर दी है।
48 घंटे तक लगातार बारिश
जानकारी के मुताबिक रामपुर में 48 घंटे तक लगातार बारिश होती रही, इस प्राकृतिक आपदा के चलते 40 मकान में नुकसान होने की खबर सामने आई है।
सदर तहसील के काशीपुर गांव में मकान गिरने से 65 साल के वृद्ध महिला लाडो की मौत हुई है , जबकि शाहबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत एक गांव रवानी पट्टी में नाबालिग अजीम की भूसे का गोदाम गिर जाने की वजह से मौत हो गई।
किसानों को मिलेगा मुआवजा
कुल मिलाकर बारिश से किसानों की फसलों, मकानों और जनहानि का आकलन किया जा रहा है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक अब तक बारिश से हुए नुकसान को लेकर 23 लाख रुपए का मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल जिले में बारिश अपने पीछे बर्बादी के कई निशान पीछे छोड़ गई है। फसलों को भारी नुकसान हुआ है जबकि कुछ ने अपनों को खोया है। बहरहाल जिला प्रशासन इस आपदा में नुकसान उठा चुके लोगों के जख्मों पर मुआवजे के जरिए मरहम लगाने का भरपूर प्रयास करता हुआ नज़र आ रहा है।
रिपोर्ट: मुजस्सिम खान
























