उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में जिला जेल में बंद एक हवालाती बंदी की उपचार के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, टांडा थाना क्षेत्र निवासी फैसल को एक मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद 14 जून को जिला जेल भेजा गया था। जेल में बंद रहने के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने फैसल को मृत घोषित कर दिया। बंदी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
जेल अधीक्षक राजेश यादव ने बताया कि हवालाती बंदी फैसल 14 जून से जिला जेल में निरुद्ध था। उन्होंने कहा कि बंदी की तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई गई और अस्पताल भेजा गया। जिला प्रशासन के अनुसार, फैसल नशे का आदी था और इसी कारण उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।
फिलहाल, बंदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


