रामपुर: देशभर में इन दिनों नवरात्र पर लोगों में एक अलग उत्साह दिखाई दे रहा है और जगह-जगह रामलीला का मंचन चल रहा है लेकिन यूपी के रामपुर (Rampur) में रामलीला के मंच पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। वहां मंच पर बार-बालाओं के डांस करने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
रामलीला मंचन के नाम पर बार-बालाओं का अश्लील डांस
दरअसल रामपुर में रामलीला मंचन के नाम पर बार-बालाओं का अश्लील डांस कराया गया। घटना खजुरिया थाना क्षेत्र की है जहां रामलीला के नाम पर बार-बालाएं मंच पर डांस करती हुई दिखाई दे रही हैं। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लोगों की आस्था के साथ इस तरह खिलवाड़ के बाद खजुरिया थाने की पुलिस की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने संज्ञान लिया है।
फर्रुखाबाद में राम बारात में शर्मनाक हरकत
ऐसा नहीं है कि सिर्फ रामपुर में ही इस तरह की हरकतें हो रही हैं बल्कि फर्रुखाबाद से भी ऐसी ही घटना सामने आई है। राम बारात के कार्यक्रम में बार-बालाओं को ठुमके लगाते हुए देखा गया। इस दौरान अश्लील गानों पर लोगों ने जम कर नोट उड़ाए।
दरअसल राम बारात को लेकर लिंजीगंज बाजार में भगवान राम का जनवासा बनाया गया था। वहीं पर इस अश्लील कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रामलीला आयोजकों ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मर्यादा को तार-तार कर दिया।
रिपोर्ट: मुजस्सिम खान
























