सहारनपुर : बीजेपी की फायरब्रांड नेता और विश्व हिंदू परिषद से जुड़ी साध्वी प्राची (Sadhvi Prachi) दीपावली के अवसर पर सहारनपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिठाइयां वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने दीपावली, स्वदेशी अभियान, उमर अब्दुल्ला की शादी, महमूद मदनी के बयान और राजनीतिक हालात पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
मुस्लिम समुदाय से ना खरीदें दीपावली का सामान: साध्वी प्राची
साध्वी प्राची ने दीपावली को सनातन धर्म का विशेष पर्व बताते हुए कहा कि यह देश को रोशनी से जगमग करने वाला पवित्र त्योहार है। उन्होंने सनातन प्रेमियों से स्वदेशी तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीपक उन्हीं कुम्हारों से खरीदें जो दीपावली मनाते हैं, ताकि उनके घरों में भी त्योहार की खुशियां पहुंच सकें। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से दीपावली का सामान नहीं खरीदने की अपील भी की।
अंतरधार्मिक विवाह पर मौलाना तोड़ें चुप्पी: साध्वी प्राची
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की गैर-मुस्लिम महिला निधि से शादी पर उन्होंने सवाल उठाते हुए हिंदू बेटियों के साथ अंतरधार्मिक विवाह को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मौलानाओं से इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की। साथ ही कहा कि अच्छी बात है कि निधि ने अपना धर्म नहीं छोड़ा।
जमीयत सचिव महमूद मदनी के बयान पर साध्वी प्राची ने उन्हें पाकिस्तान जाकर दो-चार महीने रहने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम समुदाय को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, इसके बावजूद दूसरे दर्जे का नागरिक बताए जाने की बात उचित नहीं है। उन्होंने मदनी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती भी दी।
2029 में भी मोदी ही बनेंगे प्रधानमंत्री
इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2029 में नरेंद्र मोदी फिर पूर्ण बहुमत से प्रधानमंत्री बनेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश में 2027 और उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार बनने की भविष्यवाणी की।
रिपोर्ट: गौरव सैनी

























