सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ध्वस्त किए गए मस्जिद और उसके नीचे कुएं को लेकर सपा की सांसद रुचि विरा ने अजीबोगरीब दावा किया है। रुचि विरा ने कहा कि मस्जिद के नीचे कुआं निकलने की बात सामने आ रही है, कुंआ तो वजू के लिए भी हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, पहले जमाने मे जब टंकियां नही थी, तो ये भी हो सकता है, ये जांच का विषय है।
सपा सांसद का अजीबोगरीब दावा
वहीं उन्होंने मस्जिद को लेकर की गई कार्रवाई को लेकर कहा कि जहां तक मस्जिद को तोड़ने की बात है तो वो सौ साल से भी ज्यादा पुरानी मस्जिद थी। कोर्ट में मामला था, उसके बाद हायर कोर्ट भी था, इस तरह से क्या जल्दबाजी थी।
मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए रुचि विरा ने कहा कि वैसे तो यूपी सरकार अपने आप को सनातन का ठेकेदार बताती है, तो सनातन धर्म ये नहीं सिखाता की हम दूसरे के धर्म का अनादर करें, या दूसरे की इबाबत गाह को तोड़ दें।
योगी सरकार पर सपा का हमला
उन्होंने कहा, मुझे तो ये लगता है भाजपा की सरकार मुख्य मुद्दों से भटकाने की राजनीति कर रही है, ऐसा लगता है वर्तमान सरकार को न्यायालय पर भी विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा, रातों रातों मस्जिद को ढहाने का काम किया है, सनातन धर्म इसकी कभी इजाजत नहीं देता। सनातन धर्म दूसरे से प्यार मोहब्बत करने का और दया करने का पैगाम देता है, ये काम तो इस विचारधारा से बिल्कुल अलग है।
मस्जिद के नीचे मिला कुआं
बता दें कि सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित दो मंजिला मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के बाद मलबा हटाने के दौरान जमीन के नीचे करीब 20 फीट गहरा कुआं मिलने से सनसनी फैल गई। प्रशासन की टीम जब मस्जिद के मलबे को हटाकर जमीन को साफ करा रही थी, तभी यह कुआं सामने आया।
ये भी पढ़ें: सहारनपुर में ध्वस्तीकरण के बाद मिला छिपा कुआं, मौके पर बढ़ाई गई सुरक्षा
अधिकारियों के मुताबिक, कुएं के ऊपर लिंटर डाला गया था और उसके नीचे मिट्टी जमा थी। कुआं मिलने के बाद प्रशासन ने उसके आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में कुआं काफी पुराना प्रतीत हो रहा है।
रिपोर्ट: शारिक शिद्दिकी


