शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर (Shahjahanpur) में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। दरअसल लड़कियों को अलग-अलग जिलों से शाहजहांपुर बुलाने और उनसे ज्वाइनिंग के नाम पर मोटी रकम वसूलने सहित उनका शारीरिक और मानसिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि नौकरी के नाम पर युवतियों को बुलाकर बंधक बनाया गया, उनसे फ्रॉड कॉलिंग कराई गई,विरोध करने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। इतना ही नहीं, इस पूरे प्रकरण में दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप भी लगाए जाने की बात सामने आई है,मामले ने युवतियों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूरे मामले में आजमगढ़ की रहने वाली एक युवती ने कैमरे के सामने अपनी दर्दभरी आप बीती सुनाई,युवती के मुताबिक उसे बताया गया था कि शाहजहांपुर में सामान की पैकिंग, लिस्टिंग और सामान के आने-जाने का हिसाब रखने का काम मिलेगा,अच्छी सैलरी मिलने की उम्मीद में वह यहां आ गई।
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। छोटे भाइयों और मां की जिम्मेदारी को देखते हुए उसने नौकरी करने का फैसला लिया था। नौकरी की उम्मीद में जब वह शाहजहांपुर में आशा इंटरप्राइजेज के कार्यालय पर पहुंची. वहां जॉइनिंग के नाम पर 21 हजार रूपये की डिमांड की गई, छोटे भाई बहनों के भरण पोषण की उम्मीद उसने परिवार का एक बीघा खेत तक बेच दिया, लेकिन शाहजहांपुर पहुंचने के बाद उसे जो काम बताया गया वह काम नहीं मिला।
पैकिंग का काम बताकर फर्जी कालिंग कराई
युवती का आरोप है कि शुरुआत में उसे दो-चार दिन तक बंधक बनाकर रखा गया,इसके बाद उससे अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को फोन करवाए जाने लगे। पीड़िता के मुताबिक उससे फ्रॉड तरीके से कॉलिंग कराई जाती थी। जब उसने ऐसा काम करने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और थप्पड़ मारे गए.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि काम नहीं करने पर उसे परिवार को लेकर धमकियां दी जाती थीं। उसकी मां की तबीयत खराब रहने का हवाला देकर इमोशनल तरीके से ब्लैकमेल किया जाता था कि अगर काम नहीं करोगी तो पैसे कहां से लाओगी ? उसे डराया जाता था। यहां तक कि उसके चरित्र पर सवाल उठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के मुताबिक, शाहजहांपुर में निगोही रोड स्थित गौटिया मंदिर के निकट उन्हें रखा जाता था। आरोप है कि युवतियों को कमरे से बाहर निकलने, किसी से मिलने और यहां तक कि अपने भाइयों से मुलाकात करने तक की अनुमति नहीं थी। रात में उन्हें कहां शिफ्ट किया जा रहा है और किस तरह का काम कराया जा रहा है, इसकी जानकारी भी नहीं दी जाती थी।
200 युवक-युवतियों के साथ ठगी
पीड़िता ने बताया कि फिलहाल हमारे साथ आजमगढ़ की रहने वाली 11-12 युवतियां हैं। उसका दावा है कि इससे पहले भी कई लड़कियां उत्पीड़न से परेशान होकर वहां से अपने घर लौट चुकी हैं। युवती के अनुसार, कई पीड़िताएं सामाजिक बदनामी और लोकलाज के डर से अपनी आप बीती किसी को नहीं बता पाती हैं। उपरोक्त पूरे मामले की पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस युवतियों को थाना सदर बाजार लेकर गई है जहां उनके बयान दर्ज किया जा रहे हैं। पुलिस इस पूरे मामले में अभी कुछ भी बोलने से बच रही है जांच के बाद कार्यवाही की बात की जा रही है.
रिपोर्ट: अरविंद त्रिपाठी

























