उन्नाव में बुधवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहर समेत शुक्लागंज और आसपास के इलाकों में हुई बारिश से पिछले तीन दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि सुबह बारिश के कारण स्कूल और दफ्तर जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। शहर की कई गलियों और निचले इलाकों में जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। वहीं बारिश को धान की फसल के लिए किसानों ने फायदेमंद बताया है। बुधवार सुबह अचानक हुई बारिश से उन्नाव में मौसम सुहाना हो गया। बारिश के कारण शहर की कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ा।
स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बारिश से जहां आम लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल गए। इस समय जिले में धान की फसल खेतों में खड़ी है। किसानों के मुताबिक धान के लिए बारिश फायदेमंद है। इससे खेतों में नमी बनी रहेगी और सिंचाई का खर्च भी कम होगा। हालांकि जिन खेतों में पहले से पानी भरा है, वहां जल निकासी की जरूरत पड़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को न्यूनतम तापमान करीब 26 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के बाद अगर दिन में तेज धूप निकलती है तो उमस फिर बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला


