उन्नाव: यूपी के उन्नाव (Unnao) में सरकारी नौकरी पाने के लिए फर्जीवाड़े का ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे। दरअसल मृतक आश्रित कोटे से शिक्षक की नौकरी हासिल करने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने आरोपी के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई की है।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी बेटे ने पिता को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित करवा कर नौकरी हासिल कर ली। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब शिक्षक रामबरन यादव को निलंबित कर दिया गया है।
बीएसए की ओर से गठित तीन सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी हसनगंज को सौंपी गई है। वहीं, निलंबन अवधि में शिक्षक को हिलौली खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
जांच के बाद आरोपी टीचर निलंबित
जानकारी के मुताबिक मृतक आश्रित कोटे से नियुक्ति को लेकर सामने आए इस मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई की है। शिक्षक रामबरन यादव पर अपने पिता को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है। मामले की जांच के लिए बीएसए ने तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित किया गया है।
अब जांच में नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की पड़ताल की जाएगी। निलंबन अवधि में रामबरन यादव को हिलौली खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: शिवम पांडेय
























