वाराणसी: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली (Dev Deepawali) महोत्सव पर दशाश्वमेध घाट भक्ति, आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित भव्य महोत्सव में 51 हजार दीपों की रोशनी से दशाश्वमेध घाट समेत आसपास के घाट जगमगा उठे।
21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं द्वारा मां गंगा की भव्य महाआरती की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, डमरुओं की गूंज और देशभक्ति के तरानों ने ऐसा समां बांधा कि गंगा तट पर मौजूद लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आध्यात्मिक अनुभूति में सराबोर हो उठे। Dev Deepawali महोत्सव का सबसे आकर्षक और भावुक कर देने वाला दृश्य 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की अनुकृति रही।

इसके माध्यम से देश के अमर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्र के वीर सपूतों के बलिदान और उनके परिवारों के सम्मान का संदेश दिया गया।
Dev Deepawali पर बलिदानियों के परिवारों को शौर्य सम्मान
देव दीपावली के अवसर पर गंगा सेवा निधि ने देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले रेलवे सुरक्षा बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के चार जवानों के परिजनों को ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित किया। इनमें रेलवे सुरक्षा बल के अमर बलिदानी कांस्टेबल उताउर रहमान खान और कांस्टेबल कोलाहल यादव और सीआरपीएफ के अमर बलिदानी शशिकांत सिंह और रामबिलास सिंह यादव के परिवार शामिल रहे। संस्था की ओर से सभी बलिदानियों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

Dev Deepawali पर इस वर्ष गंगा सेवा निधि ने एक और महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की। अब ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित अमर बलिदानियों के बच्चों की कक्षा छह से 12वीं तक की संपूर्ण शैक्षणिक व्यय की जिम्मेदारी संस्था उठाएगी। यह पहल शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Dev Deepawali पर सेना के बैंड की धुन पर गूंजा लास्ट पोस्ट
अमर जवान ज्योति पर संस्था की ओर से पुष्पांजलि अर्पित कर बलिदानियों को नमन किया गया। इसके बाद सेना के अधिकारियों और विभिन्न सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी। 39 जीटीसी के बैंड की धुन पर जवानों ने लास्ट पोस्ट की प्रस्तुति दी और गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर सपूतों को सलामी दी। पूरे कार्तिक मास प्रज्ज्वलित आकाशदीपों का समापन भी देव दीपावली पर किया गया। ये दीप देश के अमर वीर योद्धाओं की स्मृति को समर्पित रहे।
Dev Deepawali पर शंखनाद से गूंज उठा दशाश्वमेध घाट
कार्यक्रम का शुभारंभ भजन-संगीत और राष्ट्रगीत की प्रस्तुतियों से हुआ। गायक डॉ. रेवती साकलकर और उनके सहयोगी तबला वादक ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद पद्मश्री अनूप जलोटा, देवेंद्र कुमार भारती, हिमांशु तिवारी और अमरजीत सिंह ने गंगा तट पर Dev Deepawali पर अपनी स्वरांजलि प्रस्तुत की।
#WATCH | वाराणसी, उत्तर प्रदेश | देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती की गई।
गंगा आरती के साथ-साथ सभी 84 घाटों को लगभग 11 लाख मिट्टी के दीयों से रोशन किया गया है। इसके अलावा, 3D लेज़र शो, ड्रोन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हो रहा है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 24, 2026
गंगा सेवा निधि के 21 अर्चकों ने वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया। श्रीराम जनम योगी के चार मिनट 21 सेकेंड के शंखनाद ने पूरे दशाश्वमेध घाट को गुंजायमान कर दिया। दुर्गाचरण इंटर कॉलेज की 42 देव कन्याओं ने रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में ब्राह्मणों के साथ मां भगवती की महाआरती संपन्न कराई।
Dev Deepawali पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गंगा सेवा निधि ने ‘एक संकल्प गंगा किनारे’ अभियान के माध्यम से देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का संकल्प दिलाया। संस्था ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
Dev Deepawali पर व्यापक इंतजाम
लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए संस्था की ओर से 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक और गंगा सेवा निधि के 150 वालंटियर्स व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। राजकीय चिकित्सालय की ओर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात रही, जबकि एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी ने वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, जीओसी-इन-चीफ सेंट्रल कमांड, लखनऊ और कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रवींद्र जायसवाल, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार, सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ और आरपीएफ के अधिकारी तथा भारत सेवाश्रम संघ के संत-महात्माओं ने भी सहभागिता की।

Dev Deepawali कार्यक्रम के अंत में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्य श्यामलाल सिंह, इंदुशेखर शर्मा, सुरजीत सिंह, हनुमान यादव, पंकज अग्रवाल, विनोद श्रीवास्तव, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल, डॉ. रजत सिंह, अंजनी कुमार पांडेय, अवनी कुमार धर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे Anant Ambani, वाराणसी में गूंजा ‘हर-हर महादेव’
रिपोर्ट – हरेंद्र शुक्ला

























