वाराणसी: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को दो दिनों की धार्मिक यात्रा पर वाराणसी (Varanasi) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पड़ाव स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह (अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम) पहुंचकर पीठाधीश्वर परमपूज्य औघड़ गुरुपद संभव राम जी से आशीर्वाद लिया।
धार्मिक यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले अघोरेश्वर महाप्रभु के विग्रह पर पुष्पांजलि अर्पित की और अघोर गणेश की परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने चिरकुट देवी विहार मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दो दिनों के दौरे पर वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार
बिहार के स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों और अस्पतालों के खिलाफ चल रही छापेमारी और कार्रवाई को लेकर निशांत कुमार ने कहा कि डॉक्टरों का मुख्य कार्य लोगों को जीवन देना है। डॉक्टरों की पहचान समाज में जीवनदाता के रूप में बनी रहे, इसी उद्देश्य से सरकार लगातार प्रयास कर रही है और इसी दिशा में कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवालों पर स्वास्थ्य मंत्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वह कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।
यूपी चुनाव पर चुप्पी साध गए निशांत
वाराणसी से अपने पुराने जुड़ाव को लेकर निशांत कुमार ने कहा कि काशी से उनका और उनके परिवार का गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका काशी से लगाव रहा है और करीब 10 साल की उम्र में वह पहली बार वाराणसी आए थे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने श्री सर्वेश्वरी आश्रम में दर्शन किए और सोमवार सुबह बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने की बात कही।
चुनाव से जुड़े सवालों पर स्वास्थ्य मंत्री मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। बताया जाता है कि निशांत कुमार, उनके पिता नीतीश कुमार, दादी और भाई वैद्य सतीश कुमार का भी श्री सर्वेश्वरी समूह से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। उनके पैतृक गांव में भी सर्वेश्वरी समूह का आश्रम स्थित है।
रिपोर्ट – हरेंद्र शुक्ला























