वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग इलाके में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाने में हड़कंप मच गया। इस मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
बेनियाबाग इलाके में 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में रहने वाला एक युवक किशोरी को बहला फुसलाकर सार्वजनिक शौचालय में ले गया। जहां आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर भाग गया। घटना के बाद किशोरी ने अपने साथ हुई आपबीती अपनी मां को बताई जिसके बाद किशोरी और उसके पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। इस घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता के पिता ने बताया कि नाबालिग किशोरी स्कूल में पढ़ती है। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की है, जब आरोपी किशोरी को सार्वजनिक शौचालय ले गया था।
यह भी पढ़ें- योगी का विपक्ष पर जोरदार हमला, बोले- “हारने पर EVM और चुनाव आयोग को ठहराते हैं जिम्मेदार”
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी के निर्देशन में थाना प्रभारी वीके शुक्ला और पियरी चौकी प्रभारी विकास मिश्र की टीम ने घटना की सूचना मिलते ही तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से रातभर पूछताछ की गई। सोमवार को एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने आरोपी को मीडिया के समक्ष पेश किया और मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। वहीं, पीड़िता को आवश्यक चिकित्सा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस की कार्रवाई परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
























