वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी (Varanasi) में धनतेरस और अन्नकूट महापर्व पर काशी विश्वनाथ धाम में भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा का दरबार विशेष रूप से सजेगा और श्रद्धालुओं को मां के आशीर्वाद स्वरूप प्रसिद्ध ‘खजाना’ प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं, अन्नकूट महापर्व पर बाबा विश्वनाथ को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 6 नवंबर को धनतेरस के दिन सुबह 4 बजे मां अन्नपूर्णा की विशेष पूजा-अर्चना, भव्य शृंगार और आरती होगी। महाआरती के बाद भक्तों के लिए दर्शन और खजाना प्रसाद वितरण की व्यवस्था शुरू होगी। यह विशेष आयोजन 10 नवंबर को अन्नकूट महापर्व की रात्रि शयन आरती तक जारी रहेगा।
बाबा के दरबार में सजेगा छप्पन भोग
अन्नकूट महापर्व पर 10 नवंबर को मध्याह्न भोग आरती के दौरान भगवान विश्वेश्वर को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसमें तरह-तरह के मिष्ठान्न, फल, नमकीन, मेवे और पारंपरिक पकवान शामिल होंगे। इस अवसर पर भगवान श्री विश्वनाथ के शिव परिवार की चल प्रतिमा को गर्भगृह में विराजमान कर भव्य दिव्य शृंगार किया जाएगा।
इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र लड्डुओं से निर्मित भव्य शिवालय भी होगा। इसका निर्माण गर्भगृह के पश्चिमी द्वार के समीप स्थित श्री वैकुंठ महादेव प्रांगण में किया जाएगा, जहां भक्त इस अद्भुत धार्मिक संरचना के दर्शन कर सकेंगे।
दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था
मध्याह्न भोग आरती के बाद शिव परिवार की चल प्रतिमा के दर्शन श्रद्धालुओं को गर्भगृह के बाहर से झांकी स्वरूप कराए जाएंगे। शाम 6 बजे के बाद मंदिर की नियमित आरतियां निर्धारित समय के अनुसार होंगी। हालांकि, अन्नकूट के दिन नियमित शयन आरती की व्यवस्था में बदलाव रहेगा। सामान्यतः गर्भगृह के पश्चिमी द्वार से होने वाली शयन आरती इस दिन दक्षिणी द्वार से संपन्न कराई जाएगी।
मंदिर प्रशासन ने दोनों पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, सुगम दर्शन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है। श्रद्धालुओं से निर्धारित दर्शन व्यवस्था का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की गई है।
रिपोर्ट – हरेंद्र शुक्ला

























