जोशीमठ: उत्तराखंड में खराब मौसम के बीच श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश (Uttarakhand Helicopter Crash) हो गया जिसमें सवार सभी श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। हेलीकॉप्टर में 5-6 लोगों के सवार होने की सूचना मिली है। यह हेलीकॉप्टर चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा था।
बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच हादसा
घटना बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच हुई है। हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना के बाद आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी. अब हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले लापता हेलीकॉप्टर के सर्च और रेस्क्यू में दो अन्य हेलीकॉप्टर्स को लगाया गया था। ये हेलीकॉप्टर अचानक गायब हुए हेलीकॉप्टर की तलाश में जुटे हुए थे।
हेलीकॉप्टर में सवार थे पांच लोग
इस हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के नाम चंद्रकांत, राजाश्री, दिनेश, आकाश और अर्थव हैं जबकि हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु थे। बता दें कि इस महीने चारधाम यात्रा के दौरान दो हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। एक हेलीकॉप्टर को रुद्रप्रयाग तो दूसरे को टिहरी में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था।
हेलीकॉप्टर हादसे में बीते पांच सालों में 21 की मौत
अभी बीते 21 जुलाई को ही केंद्र सरकार द्वारा राज्यसभा में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच सालों में (2021 से जून 2025) के दौरान चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर से जुड़ी कुल 6 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है।
इनमें 2022 में एक, 2023 में एक और 2025 में चार दुर्घटनाएं हुईं। इस क्रैश से पहले 15 जून 2025 को केदारनाथ के पास हुए हादसे में 7 और 8 मई 2025 को उत्तरकाशी के गंगनानी में हुए हादसे में 6 लोगों की जान चली गई थी।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


























