उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर चलाए गए इस अभियान के बाद प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने और ऐसे नाम हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई, जो नियमों के मुताबिक सूची में नहीं रहने चाहिए थे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब निर्वाचन विभाग ने अंतिम सूची प्रकाशित कर दी है।
उत्तराखंड में SIR की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। अभियान शुरू होने के समय प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद घर-घर गणना फॉर्म बांटे गए और मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाकर उसका सत्यापन किया गया। गणना फॉर्म के वितरण और संकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची जारी की गई। इस प्रारूप सूची में कुल 71,33,785 मतदाता दर्ज थे। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद लोगों को अपने नाम और मतदाता विवरण की जांच करने का मौका दिया गया।
प्रारूप सूची जारी होने के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दाखिल की गईं। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी तरह की गलती को ठीक कराने के लिए आवेदन लिए गए। इसके बाद निर्वाचन अधिकारियों ने प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच शुरू की। 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इन मामलों का निस्तारण किया गया। सत्यापन और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
अंतिम सूची में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद बड़ी संख्या में नए नाम जोड़े गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कुल 1,29,872 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया। वहीं, नियमों के तहत जांच के बाद 1,04,708 नाम मतदाता सूची से हटाए गए। नामों के विलोपन की प्रक्रिया के तहत उन प्रविष्टियों को हटाया गया, जो निर्धारित नियमों के अनुरूप मतदाता सूची में बनाए रखने योग्य नहीं थीं। इस तरह सत्यापन के बाद तैयार हुई सूची अब प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची मानी जाएगी।
अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तराखंड में कुल 71,58,949 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 37,37,701 है, जबकि 34,21,036 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 212 थर्ड जेंडर मतदाता भी अंतिम सूची में शामिल हैं। मतदाता सूची में युवाओं और बुजुर्गों की संख्या भी दर्ज की गई है। 18 से 19 वर्ष की आयु के 72,656 मतदाता अंतिम सूची में शामिल हैं। वहीं, 80 वर्ष से अधिक उम्र के 1,22,892 मतदाता हैं। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में वर्तमान में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं। इन्हीं मतदान केंद्रों के माध्यम से मतदाता आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही मतदाता सूची के पुनरीक्षण की यह प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब अंतिम सूची में शामिल मतदाताओं के आधार पर आगे की चुनावी तैयारियां की जाएंगी।
रिपोर्ट- मानवी
























