उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर शाखा कोटाबाग द्वारा अनिवार्य TET व्यवस्था एवं नई पेंशन योजना (NPS) के विरोध में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेम चन्द्र काण्डपाल के द्वारा की गई जबकि संचालन उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद नैनीताल के जिला कोषाध्यक्ष नवीन चन्द्र द्वारा किया गया।
धरने के उपरांत शिक्षकों ने खण्ड शिक्षा अधिकारी कोटाबाग के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी ना होने के चलते मुख्य प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ज्ञापन को लिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा एवं सेवा हितों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शिक्षकों ने मांग की कि सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त की जाए तथा नई पेंशन योजना (NPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः बहाल किया जाए।
इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी न्यायोचित मांगों को सरकार तक पहुँचा रहा है और आशा करता है कि सरकार इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
रिपोर्ट- नीरज तिवारी (कालाढूंगी, नैनीताल)/सोनू सिंह


