काशीपुर में उस समय लोग आश्चर्यचकित रह गए जब उन्हें एक युवक गले में जूते चप्पलों की माला पहने नजर आया। युवक को ऐसा करते देख वहां उपस्थित लोग उसके पास गए और उससे ऐसा करने का कारण पूछने लगे। युवक रक्षाबंधन के दिन गले में जूते चप्पल की माला पहनकर काशीपुर उपजिलाधिकारी ऑफिस की तरफ जा रहा था।
बता दें कि एक युवक काशीपुर उप जिलाधिकारी कार्यालय में जूते चप्पल की माला पहनकर पहुंचा। जूते की माला पहने युवक को देखकर लोग हक्का-बक्का रह गए। दरअसल, युवक ने प्रशासन के विरुद्ध अपना रोष प्रकट करने के लिए ऐसा किया था। युवक का कहना है कि देश में हो रही किशोरियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या कर दी जाती है।
युवक ने बताया कि महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध अपराध लगातार बढ़ते जा रहे है। उसने बताया कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर रोक लगाना सरकार का कार्य है। बढ़ते अपराध को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने चाहिए। युवक ने बताया कि महिलाओं का बलात्कार कर उन्हें मार दिया जाता है। जिसके लिए सख्त कानून का होना बहुत जरुरी है।
युवक काशीपुर उपजिलाधिकारी से मिला और एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिए उसने महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध को रोकने के लिए कानून में बदलाव करने की मांग की है। ज्ञापन में पीड़ित महिला को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। युवक ने दावा किया है कि वह जूतों की माला तभी उतारेगा जब महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कोई ठोस कानून बना देगी।


