हेड़ी में लकड़ी चोरी के बड़े खेल का खुलासा…
उत्तराखंड वन विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के बहेड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी की गई लाखों रुपये की खैर की लकड़ी बरामद की है। बरामद लकड़ी की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान बहेड़ी कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही।
दरअसल, उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की गई खैर की लकड़ी को बहेड़ी इलाके में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर वन विभाग की कई टीमों ने बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र की एक मिनी राइस मिल पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मिनी राइस मिल की आड़ में चल रहे लकड़ी चोरी के कथित कारोबार का खुलासा हुआ। मौके से खैर की भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की गई। वन विभाग अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

वहीं, सबसे बड़ा सवाल यह है कि उत्तराखंड वन विभाग की बेशकीमती खैर की लकड़ी आखिर दो राज्यों की सीमाएं पार कर बरेली के बहेड़ी तक कैसे पहुंच गई? जबकि दोनों राज्यों में वन विभाग की चौकियां और निगरानी व्यवस्था मौजूद है।
बताया जा रहा है कि बहेड़ी क्षेत्र में यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। ऐसे में वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


