uttarakhandnews :बारिश और बर्फबारी के चलते इस बार उत्तराखंड में नौतपा का असर काफी कमजोर रहा। पिछले एक सप्ताह से पूरे प्रदेश में मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान में गिरावट आने से मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंडक का एहसास हो रहा है। उत्तराखंड में इस बार नौतपा का प्रभाव कुछ एक दिन ही देखने को मिला। आमतौर पर नौतपा के दौरान भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती है, लेकिन इस बार (25 मई से दो जून तक) मौसम ने अलग ही रुख अपनाया। शुरुआत के दो-चार दिन जरूर गर्मी ने अपने तेवर दिखाए, लेकिन इसके बाद मौसम ने करवट ली और बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने तापमान में गिरावट ला दी। नौतपा के पहले दो दिनों में मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। बढ़ते तापमान के कारण उमस और गर्मी का असर अधिक महसूस हुआ। हालांकि तीसरे दिन से मौसम में बदलाव आया और बादलों के छाने के साथ कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
पहाड़ों में ठंड का अहसास, मौसम हुआ सुहावना
25 मई को देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। दिन के साथ-साथ शाम के समय भी लू जैसे हालात बने रहे। हालांकि दो दिन बाद तापमान में गिरावट आई और पारा फिर से 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। दो दिन तक पारा 40 से नीचे ही रहा और फिर गर्मी ने तेवर शुरू ही किए थे कि मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा और बारिश से पारा लुढ़क गया। इसके बाद बीते सप्ताह भर से प्रदेश भर में मौसम सुहाना है। पारा गिरने से मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिली तो पर्वतीय इलाकों में ठंड का अहसास हुआ।


