नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में ज्ञानेश कुमार और वोट चोरी को लेकर INDIA गठबंधन की महारैली में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर बरसे। इस दौरान अखिलेश यादव ने गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने बीजेपी को यूपी में अंगद का पैर बताया था।
‘जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखोगे’
अखिलेश यादव ने रैली में अपने संबोधन के दौरान कहा, ”जो लोग कह कर आए हैं कि अंगद का पैर है, वो जानते हैं जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखोगे।” समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा, “आज जब जनसभा रामलीला मैदान में होने जा रही थी उसी समय उत्तर प्रदेश में ये कहा गया भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कि 1 करोड़ 27 लाख वोट काट दिए गए। वो अपनी चंडीगढ़ चाल चलना चाहते थे लेकिन कामयाब नहीं हुए, डबल हार और डबल ज़ीरो उन्हें उत्तर प्रदेश में मिलने का काम हुआ है।”
बंगाल का चुनाव लूटा गया: अखिलेश
अखिलेश ने इस दौरान आरोप लगाया कि बंगाल का चुनाव लूटा गया है, उन्होंने कहा, ”हम इंडिया गठबंधन के लोग हार मानने वाले नहीं हैं, हमने इनकी चोरी पकड़ी है। चुनाव आयोग पता नहीं कौन सी नींद की गोली लेकर सो रहा है, लेकिन सुना है जबसे जनता जाग गई है, अब कुछ कार्रवाई कर रहे हैं।”
अखिलेश यादव ने कहा, ”आज रामलीला मैदान, लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। “जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही बाहर जाएंगे। जिन्होंने रामजी का धन चुराया है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका इस बार सर्वनाश होने जा रहा है।” बीजेपी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने अपने संबोधन में आगे कहा, ”मुंह नुचुआ आते थे, इस इस बार वोट नुचुआ आया है, एक कोई जुमलू भी हैं। लेकिन न मुचुआ बचने वाले हैं न जुमलू बचने वाले हैं।”
अमित शाह ने यूपी दौरे पर क्या कहा था ?
दरअसल बीते दिनों यूपी में बीजेपी की चुनाव तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अमित शाह ने पार्टी कार्रकर्ताओं से कहा था, उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई हिला तक नहीं सकता, फिर से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। कहीं कोई दुविधा जैसी बात नहीं है, आप सबको अपनी शक्ति पहचान कर काम करना है।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल



























