लखनऊ: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पुलिस के सामने नई चुनौतियां आ रही हैं। फरार दो शूटर सत्यम कादियान और आर्यन संधू पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। दोनों की तलाश यूपी, दिल्ली, पंजाब समेत पांच राज्यों में की जा रही है।
पूरे मामले के खुलासे के लिए 12 अधिकारियों की टीम लगाई गई है, पुलिस सिर्फ शूटरों की तलाश तक सीमित नहीं है, बल्कि साजिश, सुपारी और अपराधियों को संरक्षण देने वालों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
पांच राज्यों तक पहुंची जांच
सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड पुलिस के लिए अब सिर्फ सिरदर्द नहीं, बल्कि बड़ी चुनौती बन गया है। हत्याकांड में फरार दो शूटर सत्यम और आर्यन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। दोनों की तलाश उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली समेत पांच राज्यों में की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पूरे मामले के खुलासे के लिए 12 अधिकारियों की टीम लगाई गई है, जिसमें चार अपर पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
दरअसल अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने लिया है। इस गैंग का सरगना जितेंद्र मान उर्फ गोगी था, जिसकी 2021 में टिल्लू गैंग ने हत्या कर दी। इसके बाद गैंग से जुड़े अपराधियों ने भी कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। 2023 में योगेश उर्फ टुंडा ने टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी। पुलिस अब गैंग के पुराने नेटवर्क और उसके सक्रिय सदस्यों के कनेक्शन को भी खंगाल रही है। वहीं भोलू शाहपुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाली गई एक नई पोस्ट ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह पोस्ट किसने अपलोड की।
अंकित की हत्या का मास्टरमाइंड कौन
पुलिस की जांच अब सिर्फ फरार शूटर सत्यम कादियान और आर्यन संधू तक सीमित नहीं है। हत्याकांड की साजिश किसने रची, सुपारी किसने दी, अपराधियों को संरक्षण किसने दिया और शूटरों को कितनी रकम दी गई। इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही हैं। दूसरे राज्य से आकर वारदात को अंजाम दिए जाने को भी पुलिस बड़ी चुनौती मान रही है। इसी बीच सत्यम और आर्यन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों वारदात से पहले सिम कार्ड खरीदते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इस वीडियो और सिम की खरीद से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।
पूरे गैंग पर शिकंजा कसेगी पुलिस
हत्याकांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल में हुई पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर मोहित और सुमित मारे गए। पुलिस के मुताबिक सुमित पर 14 मुकदमे दर्ज थे, जबकि दूसरे पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस की नजर फरार सत्यम और आर्यन के साथ-साथ उन लोगों पर भी है, जिन्होंने इस पूरी साजिश में भूमिका निभाई। पुलिस का साफ कहना है कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा अब सिर्फ शूटरों तक नहीं, बल्कि पूरी साजिश और अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने की है। फरार शूटरों की तलाश के साथ पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हत्याकांड के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।
रिपोर्ट: संजीव सिंह

