नई दिल्ली: ‘बावले, ढोंगी, पाखंडी, धूर्त’, इन सभी कठोर और खराब माने जाने वाले शब्दों का इस्तेमाल योगगुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) ने एक कार्यक्रम के दौरान कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए किया। हालांकि अब इस पर धीरेंद्र शास्त्री ने भी बेहद शालीनता भरे अंदाज में कटाक्ष के जरिए जवाब दिया है।
‘धीरेंद्र शास्त्री ने रामदेव के बयान को लेकर कहा, उन्होंने हमारा नाम नहीं लिया है, वो बहुत सरल हैं, महापुरुष हैं स्वभाव होता है, जैसे हैं अपने हैं, और दोनों में बड़ा आनंद है, कोई बात हो गई होगी स्वामी जी के मन में तो उन्होंने बढ़िया आशिर्वाद दे दिया। वो हमारे बड़े हैं, अभिवावक हैं, वरिष्ठ हैं, और उन्होंने हमेशा हमें स्नेह दिया है, हमने उनको हमेशा अभिवावक के रूप में देखा, चार दिन पहले मंच पर आए थे स्वामी जी उन्होंने खूब हमारी प्रशंसा की थी, खूब महिमा गाई थी, चार दिन बाद उन्होंने ऐसा कहा, कोई बात उन्हें लगी होगी तो उन्होंने ऐसा कहा, हमको सब स्वीकार है, दोनों में हम समान हैं.’।
दरअसल योग गुरु रामदेव ने एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण का मजाक उड़ाए जाने और प्रेत बाधा दरबार लगाए जाने को लेकर जमकर हमला बोला। बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री का पाखंडी बताते हुए बिना नाम लिए कहा कि वो हिन्दुओं को बचाने की बात करता है, बावला खुद को ही बचा ले, इसके साथ ही रामदेव ने लोगों को ऐसे कथावाचकों से सावधान रहने की भी नसीहत दे दी। यह बातें बाबा रामदेव ने झारखंड के जमशेदपुर में पतंजलि योग समिति के प्रांतीय महासम्मेलन के दौरान कही थी।
रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को क्यों बताया पाखंडी
अब ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री दोनों ही हिन्दुत्व का प्रचार-प्रसार करते हैं तो आखिर बाबा रामदेव को अचानक उनसे क्या दिक्कत हो गई. जब आप इसकी गहराई में जाएंगे तो आपको इसकी वजहें समझ में आएंगी। इस हमले के पीछे सबसे बड़ी वजह ये मानी जा रही है कि देश भर में धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ती लोकप्रियता और रामदेव की कम होती पूछ से पंतजलि के संस्थापक रामदेव असहज महसूस कर रहे हैं. शायद यही कारण है कि धीरेंद्र शास्त्री के भगवान कृष्ण पर दिए बयान को उन्होंने मुद्दा बनाकर उन पर हमला किया ताकि वो सुर्खियों में बने रहें और खुद को हिन्दुत्व के संरक्षक के तौर पर प्रस्तुत कर सकें.
बीजेपी से रामदेव की दूरी ?
बाबा रामदेव के धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए बयान के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं. माना जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री के लोकप्रियता में इजाफा होने के बाद देश की मौजूदा सरकार के लिए बाबा रामदेव की अहमियत कम हो गई है और अब उन्हें पहले की तरह तवज्जो नहीं मिल रहा है जिससे वो राजनीतिक रूप से उपेक्षित महसूस कर रहे हैं.
पहले रामदेव खुलकर बीजेपी के पक्ष में लोगों से वोट देने की अपील किया करते थे लेकिन हाल के वर्षों में उनके संबंध बीजेपी से पहले जैसे नहीं रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले धीरेंद्र शास्त्री के एक के बाद एक यूपी में कथावाचन के कई कार्यक्रम हो रहे हैं. इससे पहले बिहार चुनाव में भी ऐसा ही हुआ था जिसका सीधा फायदा चुनाव परिणामों में बीजेपी को हुआ था.
महिलाओं को सावधान रहने की नसीहत क्यों ?
शायद यही वजह है कि झारखंड में बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पाखंडी करार देते हुए कहा, जो देवी देवताओं की तुलना करे और कहे कि कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं और फिर माफी मांग ले, अरे तेजी मती मारी गई है पाखंडी, हमारी क्या औकात है जो हम देवी-देवताओं की तुलना करें, उनका अपमान करें, हंसी ठिठोली में भी अपने अवतारी सत्ताओं का अनादर नहीं करना चाहिए, उन्होंने महिलाओं और बेटियों से ऐसे पाखंडी से सावधान रहने की अपील करते हुए धीरेंद्र शास्त्री पर अपनी पूरी भड़ास निकाल दी।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























