बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर (Bulandshahr) में दीवाली से पहले खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बुलंदशहर के खुर्जा में खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई बनाने वाले एक दुकान में छापेमारी की जहां मिलावटी मिठाई मिलने के बाद उसे नष्ट कर दिया गया। सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी के नेतृत्व में टीम ने खुर्जा के जंक्शन मार्ग स्थित कलंदरगढ़ी के एक गोदाम पर छापा मारा जिसके बाद सभी मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मिलावटी रसगुल्लों को किया गया नष्ट
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में बेहद गंदगी के बीच रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक मिठाइयों के निर्माण में अरारोट, सफोलाइट और रीठे जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर तैयार मिलावटी रसगुल्ले और छेना मक्खियों से घिरे मिले और साथ ही उसे रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बर्तन भी बेहद गंदे थे।
खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान रसगुल्ले, सफोलाइट और रीठे समेत पांच खाद्य नमूने जांच के लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि तैयार किए गए मिलावटी रसगुल्ले और छेना को नष्ट कराने की कार्रवाई की जा रही है।
दुकान को किया गया ब्लैकलिस्ट
वहीं, खुर्जा के प्रसिद्ध ‘तेवतिया’ परिवार से जुड़े मिठाई दुकान पर भी बिना खाद्य विभाग के लाइसेंस के मिठाइयों का निर्माण किए जाने का आरोप है। विभाग की ओर से दुकान को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई है।
मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ इस कार्रवाी को लेकर सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: मुकेश राजपूत



























